ट्रंप ने भारत को टैरिफ में दी अस्थायी छूट, 1 अगस्त तक का समय मिला
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत पर लगाए जाने वाले 26% अतिरिक्त टैरिफ की छूट को 1 अगस्त 2025 तक बढ़ा दिया है। इससे भारत के निर्यातकों को कुछ समय की राहत मिली है, खासकर उन क्षेत्रों में जो अमेरिका पर निर्भर हैं—जैसे कपड़ा, दवा, ऑटो पार्ट्स और आईटी।
इससे पहले 2 अप्रैल 2025 को अमेरिका ने भारत सहित कई देशों पर यह टैरिफ लागू करने की घोषणा की थी, लेकिन भारत को 90 दिन की छूट दी गई थी। अब इस छूट को और 30 दिनों के लिए बढ़ा दिया गया है।
व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट के अनुसार, ट्रंप जल्द ही एक कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर करेंगे, जिससे यह छूट आधिकारिक हो जाएगी। भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौते को लेकर बातचीत सकारात्मक दिशा में बढ़ रही है। हालांकि डेयरी और कृषि क्षेत्रों को लेकर कुछ मतभेद अब भी बाकी हैं।
भारत को मिली यह राहत अस्थायी है। जबकि जापान, दक्षिण कोरिया, इराक और बांग्लादेश जैसे देशों पर 20% से 30% तक के टैरिफ लागू कर दिए गए हैं। अगर भारत समय रहते व्यापार समझौता नहीं कर पाता, तो इन देशों की तरह भारत को भी भारी टैरिफ का सामना करना पड़ सकता है।
केंद्र सरकार और वाणिज्य मंत्रालय इस मौके का फायदा उठाकर अमेरिका के साथ एक संतुलित समझौता करने की दिशा में काम कर रहे हैं।






